सोनभद्र: हर घर जल मिशन में 10 दिनों से पानी की आपूर्ति बंद
सोनभद्र: ग्राम पंचायत बैरपुर, टोला टेढ़ीतेन में हर घर जल मिशन योजना के तहत नल कनेक्शन लगाए गए हैं, लेकिन पिछले 10 दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है। ग्रामीणों का आरोप है कि घर-घर पाइपलाइन और नल तो लगे हैं, लेकिन नियमित जलापूर्ति नहीं होने से वे पेयजल के लिए दूर-दराज के हैंडपंप और कुओं पर निर्भर हैं। गर्मी के मौसम में यह स्थिति महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से कठिनाई पैदा कर रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत प्रशासन से कई बार शिकायत की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने जिला प्रशासन और जल निगम विभाग से मांग की है कि हर घर जल मिशन की योजना की जांच कर जल्दी से पानी की आपूर्ति शुरू कराई जाए, अन्यथा वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे।