logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मंजूरी से पहले ही अस्पताल में चोरी, करोड़ों की लागत से बना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बना असुरक्षित

मंजूरी से पहले ही अस्पताल में चोरी, करोड़ों की लागत से बना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बना असुरक्षित
मोहम्मदगंज (पलामू)। प्रखंड मुख्यालय स्थित सिंचाई कॉलोनी परिसर में निर्मित प्रखंड स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभी तक विधिवत संचालित भी नहीं हो पाया है, लेकिन यहां लगे आधुनिक उपकरणों और सुविधाओं की चोरी का सिलसिला शुरू हो गया है। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस सर्वसुविधायुक्त अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर से अब तक 10 सोलर प्लेट और 5 पंखों की चोरी हो चुकी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सीएचओ रामी किंडो ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल भवन में लगे कई महत्वपूर्ण संसाधन चोरी हो चुके हैं। चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस को सूचना दी गई है, लेकिन अब तक मामले का खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी भी चिंतित हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड में एक भी पूर्ण सरकारी अस्पताल नहीं होने के बावजूद इस अस्पताल को अब तक संचालन और मंजूरी नहीं मिल सकी है। अस्पताल भवन वर्षों से लगभग खाली पड़ा हुआ है, जिसके कारण परिसर में सन्नाटा रहता है और असामाजिक तत्वों को मौका मिल रहा है। लोगों ने राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि अस्पताल को शीघ्र मंजूरी देकर चालू कर दिया जाए तो क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और भवन तथा उपकरणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी। लोगों ने प्रशासन से चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने, दोषियों की गिरफ्तारी तथा अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लगातार हो रही चोरी से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है और करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित अस्पताल की उपयोगिता पर भी प्रश्नचिह्न लगने लगा है।

16
2076 views

Comment