मोरनी में प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, एमडीएच से समझौता किसानों के लिए लाभकारी: मोहन लाल गणेशपुर
मोरनी, 4 जून।
भारतीय किसान संघ, जिला पंचकूला के अध्यक्ष मोहन लाल गणेशपुर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किसानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने की पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मोरनी क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा एमडीएच जैसी प्रतिष्ठित कंपनी के साथ किसानों के लिए हुए समझौते से क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
मोहन लाल गणेशपुर ने कहा कि भारतीय किसान संघ लंबे समय से किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रयासरत रहा है। इस योजना को धरातल पर उतारने में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों और किसानों ने भी सक्रिय सहयोग दिया है। संघ द्वारा समय-समय पर किसानों की समस्याओं और संभावनाओं को सरकार तक पहुंचाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि मोरनी क्षेत्र की जलवायु अदरक, हल्दी, मिर्च तथा अन्य मसाला फसलों की खेती के लिए अत्यंत अनुकूल है। एमडीएच द्वारा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, खरीद की गारंटी और बाजार भाव से अधिक मूल्य देने की घोषणा किसानों के लिए उत्साहवर्धक है। इससे प्राकृतिक खेती को नई दिशा मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
मोहन लाल गणेशपुर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को केवल खेती तक सीमित न रखकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने का कार्य कर रही है। तंजानिया और केन्या सहित अफ्रीकी देशों में कृषि एवं व्यापार के अवसर उपलब्ध करवाने की पहल हरियाणा के किसानों के लिए ऐतिहासिक साबित होगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ इस योजना के सफल क्रियान्वयन में किसानों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा तथा अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती और इस नई व्यवस्था से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाएगा।
#Morni #MohanLalGaneshpur #BhartiyaKisanSangh #NaturalFarming #MDH #NayabSinghSaini #HaryanaFarmers #OrganicFarming #Panchkula #Agriculture #FarmersIncome #GlobalMarket #SamacharSansarNews24 #मोरनी #भारतीयकिसानसंघ #प्राकृतिकखेती #एमडीएच #नायबसिंहसैनी #किसानसमाचार #पंचकूला #samacharsansarnews24