पलसाना जाम से बेहाल, आखिर कब मिलेगी जाम से मुक्ति,
घंटों तक फंस रहे वाहन, एंबुलेंस को भी नहीं मिल रहा रास्ता
पलसाना,सीकर (लोकेश कुमावत)। कस्बे में बढ़ती जाम की समस्या अब आमजन के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है। खासकर खंडेला चौराहे और खंडेला रोड पर रोजाना लगने वाले जाम से लोग घंटों तक परेशान रहते हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। दिनभर दर्जनों छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे रहते हैं, जिससे आमजन, व्यापारी और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार स्कूल बसें, निजी वाहन और मालवाहक गाड़ियां भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे पूरे कस्बे की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई बार घायलों को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है। सायरन बजने के बावजूद रास्ता नहीं मिलने से मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जाम की सबसे बड़ी वजहों में खंडेला रोड पर बढ़ता अतिक्रमण माना जा रहा है। कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर तीन से चार फीट तक सामान रख देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है। इसके चलते दो बड़े वाहन आमने-सामने आने पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है और लंबा जाम लग जाता है। सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और बीच सड़क पर खड़े वाहन भी समस्या को और बढ़ा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या से बेखबर बने हुए हैं। कई बार शिकायतों और मांगों के बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहा। नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाए गए, लेकिन कार्रवाई कुछ दिनों तक ही सीमित रही और हालात फिर पहले जैसे हो गए।
वहीं करीब साढ़े चार करोड़ रुपए की अटल पथ परियोजना भी विवादों और कागजी प्रक्रिया में उलझी हुई है। लोगों को उम्मीद थी कि इस योजना से कस्बे को जाम से राहत मिलेगी, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर पलसाना को जाम से मुक्ति कब मिलेगी।
सुभाष सिंह बिजारणियां....
“पलसाना में हर रोज जाम लगना आम बात हो गई है। बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रशासन को स्थायी समाधान निकालना चाहिए।”
बाबूलाल कुमावत....
“खंडेला रोड पर दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान रखने से रास्ता बहुत संकरा हो गया है। कई बार घंटों तक वाहन फंसे रहते हैं। नगर पालिका को नियमित कार्रवाई करनी चाहिए।”
इब्राहिम खान (पंच)....
“सबसे चिंता की बात यह है कि जाम में एंबुलेंस तक फंस जाती है। यदि किसी मरीज को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया तो बड़ा नुकसान हो सकता है। सरकार और प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेना चाहिए।”