पलसाना: गोवटी रोड में दो महीने से पानी की भारी किल्लत
पलसाना, सीकर (लोकेश कुमावत)। कस्बे के गोवटी रोड स्थित वार्ड नंबर 3 में पिछले दो महीनों से पेयजल संकट गहरा गया है। क्षेत्र के 20 से अधिक परिवारों को पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड निवासी इब्राहिम खान ने बताया कि नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है और घरों के नलों से पानी नहीं आ रहा है, जिससे लोग निजी टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं। टैंकर मंगाने में 500 से 600 रुपये खर्च आ रहे हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बोझ बन गया है।
इब्राहिम खान ने कहा कि कई लोगों ने मोटर लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी का स्तर इतना कम है कि मोटर भी काम नहीं कर रही। जलदाय विभाग को कई बार शिकायतें देने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ है। पलसाना नगर पालिका की ईओ रवीना चौधरी और जलदाय विभाग के जेईएन विनोद कुमावत से संपर्क करने का प्रयास भी असफल रहा। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल संकट के स्थायी समाधान और नियमित पेयजल आपूर्ति की मांग की है।