logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान लोग, नगर परिषद से कार्रवाई की मांग

फुलवारी शरीफ (पटना)। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के बीएनपी-16 से नया टोला तक आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि सड़कों और गलियों में घूमने वाले कुत्तों के झुंड के कारण आम लोगों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार सुबह और शाम के समय कुत्तों का आतंक अधिक देखने को मिलता है। स्कूल, कॉलेज और कोचिंग जाने वाले छात्र-छात्राओं के पीछे कुत्ते भौंकते हुए दौड़ पड़ते हैं, जिससे दुर्घटना और कुत्तों के काटने का खतरा बना रहता है। कई अभिभावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि बच्चे अब अकेले घर से बाहर निकलने में डर महसूस करते हैं।
लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में एक महिला द्वारा नियमित रूप से बड़ी संख्या में कुत्तों को भोजन कराया जाता है, जिसके कारण आसपास के इलाकों के आवारा कुत्ते भी यहां एकत्रित हो जाते हैं। इससे कॉलोनी में कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद और प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। लोगों ने कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण तथा सुरक्षित स्थानों पर उनके पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि मानव और पशु दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देकर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।
— Aima Media, फुलवारी शरीफ (पटना)

0
78 views

Comment