भाकियू भानु ने पहले ही खोल दी थी बिलसंडा पुलिस के भ्रष्टाचार की पोल, कार्रवाई के बाद दावों को मिली मजबूती
पीलीभीत। बिलसंडा थाना पुलिस की कार्यशैली और कथित भ्रष्टाचार को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) लंबे समय से आवाज उठाती रही है। संगठन के जिला अध्यक्ष ने पूर्व में ही पुलिस अधीक्षक सहित उच्च अधिकारियों को ज्ञापन देकर थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे और भ्रष्टाचार, पक्षपात तथा जनसमस्याओं की अनदेखी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।भाकियू भानु का आरोप था कि बिलसंडा थाना क्षेत्र में पीड़ितों को न्याय दिलाने के बजाय कई मामलों में प्रभावशाली लोगों को संरक्षण दिया जा रहा था, जबकि आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा हूँ। संगठन ने कई मामलों में निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग भी की थी।अब थाना प्रभारी पर हुई कार्रवाई के बाद संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दे निराधार नहीं थे। उनका दावा है कि यदि समय रहते शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाता तो कई विवाद और घटनाएं टाली जा सकती थीं।भाकियू भानु ने कहा कि संगठन लगातार किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों की लड़ाई लड़ता रहा है और आगे भी प्रशासनिक भ्रष्टाचार तथा जन विरोधी कार्यप्रणाली के खिलाफ आवाज बुलंद करता रहेगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शेष शिकायतों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
संगठन का कहना है कि बिलसंडा थाना पुलिस के खिलाफ उठाए गए सवालों पर अब पर्दा डालना संभव नहीं है और जनता को प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच का अधिकार मिलना चाहिए।