पृथ्वीपुरा में महिला से मारपीट और पथराव, 10 आरोपियों पर मुकदमा
पलसाना,सीकर (लोकेश कुमावत)। रानोली थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुरा गांव में मंजू देवी के साथ मारपीट, मोबाइल तोड़फोड़ और पथराव का मामला सामने आया है। पप्पूराम खटीक ने पुलिस को शिकायत दी कि 25 मई की सुबह जब उनकी पत्नी मंजू देवी बकरी लाने घर से निकली थीं, तब गांव में कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि अरुण ने उनका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया।
शिकायत में बताया गया कि हंसराज, सुमन देवी, शिवराज, युवराज, खुशी, खुशबू, सम्पत, संदीप, अरुण और दीपिका ने मंजू देवी के साथ मारपीट की। उनके पुत्र सौरभ और मोहल्लेवासी जब मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोपियों ने घर पर पथराव किया और जान से मारने की धमकी भी दी। रानोली पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।