चित्रकूट में पर्यावरण संरक्षण हेतु विशाल जन-जागरूकता रैली
चित्रकूट: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 03 जून 2026 को चित्रकूट की पावन धरा पर पर्यावरण संरक्षण का एक प्रेरणादायी आयोजन संपन्न हुआ। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में विशाल पर्यावरण जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के अधिकारी, कर्मचारी, वैज्ञानिक, पर्यावरणविद् तथा नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। रैली सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय परिसर से आरोग्यधाम स्थित माँ मंदाकिनी के तट तक चली, जहां पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने वाले संदेश एवं नारे दिए गए।
रैली का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था। उद्योगों एवं प्रदूषण उत्सर्जन करने वाली संस्थाओं को प्रदूषण नियंत्रण हेतु आधुनिक तकनीकी मशीनरी व उन्नत उपकरणों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके बाद मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, दीनदयाल शोध संस्थान, चित्रकूट नगर परिषद एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं ने ‘गंगा जल संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत माँ मंदाकिनी के आरोग्यधाम घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। घाट एवं आसपास के क्षेत्रों से कचरा एकत्रित कर वैज्ञानिक तरीके से उसका निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं पर्यावरण विशेषज्ञों ने नदियाँ, जल स्रोत, वन एवं जैव विविधता की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि इनके संरक्षण के बिना सतत विकास असंभव है। उन्होंने स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण को समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी बताया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों की स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण एवं वृक्षारोपण हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। यह आयोजन चित्रकूट क्षेत्र में पर्यावरणीय चेतना एवं जनभागीदारी को सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।