ट्रेन में नकली पानी बेचने वालों से रहें सावधान, रेलवे ने जारी की चेतावनी
लखनऊ, 4 जून। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन यात्रा के दौरान नकली एवं अनधिकृत पैकेज्ड पानी से सावधान रहने की सलाह दी है। रेलवे के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व अधिक कीमत पर या नकली ब्रांड के नाम पर पानी की बोतलें बेच रहे हैं, जिससे यात्रियों के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 1 लीटर अधिकृत पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (रेल नीर) की निर्धारित कीमत 14 रुपये है। यदि कोई विक्रेता इससे अधिक कीमत वसूलता है या बिना सील वाली बोतल बेचता है, तो यात्री तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे केवल अधिकृत स्टॉल या विक्रेताओं से ही पानी खरीदें, बोतल की सील एवं ब्रांड की जांच करें, एमआरपी देखें तथा खरीदारी का बिल अवश्य लें। विशेषज्ञों के अनुसार नकली या दूषित पानी के सेवन से पेट संबंधी बीमारियां, संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए यात्रियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। रेलवे ने कहा है कि यदि किसी यात्री को अधिक कीमत वसूली, बिना सील की बोतल, संदिग्ध ब्रांड या नकली पानी की बिक्री की शिकायत हो, तो वह तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकता है। रेलवे का संदेश: "सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — सुरक्षित यात्रा, स्वस्थ यात्रा।"