logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

5 से 21 जून तक चलेगा विशेष अभियान

5 से 21 जून तक चलेगा विशेष अभियान
पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और योग पर रहेगा विशेष फोकस
------
#श्योपुर-/ मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागायुक्तों एवं कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक विशेष अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का पंजीयन, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रारंभ होगा। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण में स्थानीय एवं स्वदेशी प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा मिल सके। अभियान के दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता गतिविधियां तथा जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण के कार्य किए जाएंगे।

12 से 18 जून तक विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर जनकल्याण शिविर आयोजित होंगे, जिनमें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। मुख्य सचिव ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकरण को निर्धारित अवधि से बाहर नहीं जाने देने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण पर विशेष फोकस रखने को कहा गया।

19 एवं 20 जून को जिले में दो स्थानों पर प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कृषि वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ किसानों को प्राकृतिक खेती की उन्नत तकनीकों, कम लागत में उत्पादन तथा जैविक कृषि के लाभों की जानकारी देंगे।
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। मुख्य सचिव ने अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए नागरिकों से टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर योग कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की गई है। मिस्ड कॉल देने के बाद प्राप्त लिंक के माध्यम से पंजीयन कर नागरिक योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे। उद्देश्य प्रदेशभर में रिकॉर्ड संख्या में लोगों की सहभागिता के साथ एक साथ योग कार्यक्रम आयोजित करना है।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वीसी के दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, डीएफओ सामान्य श्री केएस रंधा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन एवं श्री विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur

46
1056 views

Comment