logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ग्राम डोडाजाम में पेयजल समस्या पर कलेक्टर सख्त, तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश

➡️ ग्राम डोडाजाम में पेयजल समस्या पर कलेक्टर डॉ सोनवणे सख्त, तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश

➡️ बालक आश्रम निरीक्षण में लापरवाही पर अधीक्षक निलंबित

➡️ कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, स्वास्थ्य, सिंचाई, आजीविका और जल संरक्षण कार्यों को लेकर दिए निर्देश

भीमपुर ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों के भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने ग्राम डोडाजाम पहुंचकर पंचायत परिसर में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा पेयजल समस्या सामने रखे जाने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जाहिर की। पूर्व निर्देशों के बावजूद पेयजल प्रबंधन नहीं होने पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत भीमपुर के सीईओ को तत्काल पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने सड़क समस्या के संबंध में जानकारी दी, जिस पर बताया गया कि ग्राम गर्राधाना और बडगुरी के प्रस्ताव लिए जा चुके हैं। वहीं ग्रामीणों द्वारा डिलीवरी के लिए भीमपुर जाने की समस्या बताने पर कलेक्टर ने ग्राम का डिलीवरी प्वाइंट पुनः क्रियाशील करने के निर्देश दिए। उन्होंने आशा सहयोगी से गर्भवती महिलाओं के प्रसव, संस्थागत एवं गैर संस्थागत प्रसव की जानकारी ली। साथ ही मातृ मृत्यु और शिशु मृत्यु की स्थिति की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों को स्वास्थ्य संस्थाओं में ही प्रसव कराने की समझाइश दी।

ग्रामीणों से चर्चा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि नव प्रसूताओं और नवजात शिशुओं की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में भी कई बार व्यवस्थित स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने के बजाय ग्रामीणों द्वारा घरेलू उपचार को प्राथमिकता दी जाती है। इस पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि जीवन बहुत महत्वपूर्ण है और बच्चों तथा माताओं के स्वास्थ्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने ग्रामीणों को आशा एवं आशा सहयोगियों की सलाह को गंभीरता से लेने तथा आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराने की अपील की।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने डोडाजाम आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को मिलने वाले भोजन और नाश्ते के संबंध में भी ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से अति गंभीर कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। सिंचाई के लिए स्थायी बिजली कनेक्शन नहीं होने की समस्या पर कलेक्टर ने एमपीईबी अधिकारियों को अस्थायी कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्थायी समाधान के लिए कृषि फीडर प्रस्तावित करने को कहा। उन्होंने निर्धारित अवधि में बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने वृद्ध ग्रामीणों से पेंशन और राशन वितरण की जानकारी ली तथा पटवारी की ग्राम में उपस्थिति और राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की। समूह की महिलाओं की आजीविका गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उन्हें बकरी पालन, मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।

➡️ सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को नोटिस

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम पंचायत में संचालित विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए ग्रामीणों की मांग के अनुसार व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने बारिश से पहले सभी रूफ वाटर हार्वेस्टिंग कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की समीक्षा में प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक डोडाजाम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

➡️ 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता

ग्राम टिगरिया निवासी केने मोतीराम ने आगजनी की घटना में चार पशुओं के घायल होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने रेड क्रॉस से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

➡️ बालक आश्रम का निरीक्षण, अधीक्षक निलंबित

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम डोडाजाम स्थित जनजातीय बालक आश्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न कक्षों एवं शौचालयों का निरीक्षण किया। आश्रम का संचालन एवं शौचालयों का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधीक्षक भैयालाल उईके को कार्य के प्रति लापरवाही और गैर जिम्मेदारी पूर्ण रवैये पर निलंबित करने के निर्देश दिए।

➡️ तालाब निरीक्षण के दौरान बच्चों से आत्मीय संवाद ग्राम

डोडाजाम के तालाब निरीक्षण के दौरान रास्ते में एक घर के बाहर खेल रहे बच्चों को देखकर कलेक्टर डॉ सोनवणे रुके और उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनके नाम और स्कूल के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें बिस्किट और चॉकलेट वितरित किए।

CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul

72
1455 views

Comment