गाजीपुर: विनीत राय हत्याकांड में कमलेश बिंद मुठभेड़ में ढेर
गाजीपुर: चर्चित विनीत राय हत्याकांड में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश बिंद बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
29 मई की रात गौसाबाद स्थित बिंदु होटल के सामने बाइक सवार बदमाशों ने होटल संचालक विनीत राय उर्फ हनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में कटरा गैंग से जुड़े शंकर पांडेय, जगदीश सिंह यादव, आलोक दुबे और कमलेश बिंद के नाम सामने आए थे, जिन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने बताया कि कुर्था क्षेत्र में कमलेश बिंद की मौजूदगी की सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।