पलिया नुमाइश मेले में जलपरी शो बना आकर्षण
पलिया नगर: नुमाइश मेले में जलपरी शो क्षेत्रवासियों के बीच विशेष आकर्षण बना हुआ है। विभिन्न झूले, खानपान की दुकानें और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच जलपरी शो देखने के लिए शाम को दर्शकों की लंबी कतारें लग रही हैं। मेले के ठेकेदार कृष्ण कुमार गोपी ने बताया कि शो का टिकट मात्र 50 रुपये है और यह प्रतिदिन रात 8 बजे शुरू होकर लगभग पांच मिनट चलता है। दर्शकों की संख्या अधिक होने के कारण लगातार शो संचालित किए जा रहे हैं।
कृष्ण कुमार गोपी ने कहा कि शो को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं, जबकि वास्तविकता में कलाकार पूरी तरह वस्त्र धारण कर पानी के भीतर एक कांच के बॉक्स में रहती हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि शो केवल मनोरंजन के उद्देश्य से है और इसमें कोई अश्लीलता नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की गई है और मेले में कोई आपत्तिजनक घटना सामने नहीं आई है। कई दर्शकों ने भी शो को परिवार संग देखने योग्य बताया है।