भाटपार रानी विधानसभा में पॉलिटेक्निक,फार्मेसी और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना कराना हमारा लक्ष्य - केशवचन्द यादव
देवरिया: विधानसभा भाटपार रानी के विकास और युवाओं की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था के लिए युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष केशवचन्द यादव ने पत्रकार वार्ता में कहा कि तकनीकी शिक्षा के बिना भाटपार रानी का विकास अधूरा है। उन्होंने बताया कि पॉलिटेक्निक, फार्मेसी और नर्सिंग जैसे रोजगारपरक शैक्षणिक संस्थानों की कमी के कारण यहां के युवक-युवतियां पूर्ण तकनीकी शिक्षा प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं, जिससे रोजगार का अभाव है।
केशवचन्द यादव ने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र के लड़के-लड़कियाँ रोजगारपरक कोर्सों के लिए दूर-दराज के स्थानों पर जाना मजबूर हैं, जिससे मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों के लिए शिक्षा हासिल करना कठिन हो जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्थानीय स्तर पर इन संस्थानों की स्थापना से सस्ती और सुलभ तकनीकी शिक्षा मिलेगी, जो रोजगार तथा सेवा के अवसर बढ़ाएगी और भाटपार रानी की पहचान मजबूत करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पॉलिटेक्निक, फार्मेसी और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।