दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण अग्निकांड।21 लोगो की मौत और 3 दर्जन लोगों के घायल होने की खबर।
राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक होटल में भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया। दक्षिण दिल्ली स्थित एक बहुमंजिला इमारत में बने रेस्टोरेंट और होटल परिसर में अचानक आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत, जबकि तीन दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है। हादसे के समय इमारत में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।आग मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट के हिस्से से शुरू हुई और तेजी से पूरी इमारत में फैल गई। आग और धुएं से बचने के लिए कुछ लोगों को ऊपरी मंजिलों से कूदना पड़ा। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया और कई लोगों की जान बचाने में मदद की।
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रिपोर्टों के अनुसार 36 से अधिक लोगों को बचाया गया है।अग्निकांड ने एक बार फिर बड़े शहरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और भवनों में सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये है।घटना पर पीएम,नेता प्रतिपक्ष और विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रमुखों ने दुख व्यक्त किया है।