logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

साकेत बिल्डिंग हादसा: झुकी इमारत पर चढ़ती रहीं मंजिलें, छह लोगों की दर्दनाक मौत

साकेत क्षेत्र में हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे ने निर्माण कार्यों में बरती जा रही लापरवाही को उजागर कर दिया है। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय निवासी यूसुफ ने बताया कि इमारत काफी समय से एक तरफ झुकी हुई दिखाई दे रही थी। इसके बावजूद भवन पर लगातार अतिरिक्त निर्माण कार्य किया जाता रहा। जानकारी के अनुसार मार्च माह के दौरान इमारत पर दो अतिरिक्त मंजिलें बनाई गई थीं तथा एक अतिरिक्त पानी की टंकी भी स्थापित की गई थी। इससे भवन पर भार बढ़ गया और उसकी स्थिति और अधिक कमजोर हो गई।
बताया जा रहा है कि करीब 13 से 14 वर्ष पुरानी यह इमारत पहले से ही जर्जर हालत में थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन की खराब स्थिति की जानकारी होने के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हो गया।
मंगलवार शाम तक प्रशासन और राहत-बचाव दल द्वारा मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी रहा। बचाव कर्मियों ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए घंटों तक अभियान चलाया।
उधर, पुलिस हिरासत में लिए गए इमारत मालिक कर्मवीर जेलदार (71 वर्ष) ने पूछताछ में बताया कि भवन का निर्माण वर्ष 2012-13 में तीन मंजिला के रूप में कराया गया था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अब यह जांच कर रहे हैं कि भवन पर अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किस अनुमति के आधार पर किया गया था और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
— शिवम वर्मा, संवाददाता, सुल्तानपुर

19
441 views

Comment