प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वाटर शेड के कार्यों की कलेक्टर ने की गहन समीक्षा
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वाटरशेड के कार्यों की कलेक्टर ने की गहन समीक्षा
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज कलेक्ट्रेट के बेतवा सभा कक्ष में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (वाटरशेड विकास घटक 2.0) अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की कार्ययोजना, प्रगति तथा वित्तीय स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा परियोजनावार बजट, ग्राम पंचायत समितियों की भूमिका, 31 दिसंबर 2025 तक पूर्ण किए गए कार्यों, उन पर हुए व्यय तथा जनवरी 2026 में स्वीकृत कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही स्वीकृत कार्यों की वर्तमान प्रगति एवं व्यय संबंधी विवरण भी कलेक्टर के समक्ष रखा गया।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध कार्य पूर्ण करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों और ग्रामीणों तक पहुंचाया जाए। इस दौरान उन्होंने अमृतसरोवर, चेक डैम, कंटूर ट्रंच, खेत तालाब, ग्रेबियन सहित सामुदायिक वृक्षारोपण के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों की सर्वप्रथम प्रविष्टि की जाए इसके उपरांत कार्य के प्रारंभ का फोटो, कार्य पूर्ण हो जाने के उपरांत का फोटो और रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, इसके उपरांत ही संबंधित को भुगतान किए जाने का कार्य किया जाने के स्पष्ट निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जल संरक्षण एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और ग्रामीण क्षेत्रों के सतत विकास को गति मिलेगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया सहित संबंधित विभागों व परियोजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha