logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई - कलेक्टर

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई-कलेक्टर श्री मिश्रा

कृषक कल्याण वर्ष के 12 प्रमुख संकेतकों पर प्रगति लाने के निर्देश, जनहित के कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं

समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न

कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री हेल्प लाइन, लोक सेवा गारंटी एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने मुख्यमंत्री हेल्प लाइन पर 100 दिवस से अधिक समय से लंबित एवं अनाकलित शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर अर्थदंड (पेनाल्टी) की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में शिक्षा विभाग एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों में तय होगी जवाबदेही

कलेक्टर श्री मिश्रा ने आरसीएमएस पोर्टल के माध्यम से प्रदान की जा रही लोक सेवा गारंटी सेवाओं की समीक्षा करते हुए समय-सीमा से बाहर हो चुके प्रकरणों में जवाबदेही तय करने और संबंधित अधिकारियों पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की सेवाएं निर्धारित समयावधि में नागरिकों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

राजस्व एवं सत्यापन कार्यों में सुधार लाने के निर्देश

बैठक में आधार के 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सत्यापन तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों (सेंचुरियन-100) के मृतक सत्यापन कार्यों की समीक्षा भी की गई। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उच्च न्यायालय में लंबित अवमानना प्रकरणों की समीक्षा कर सभी मामलों में समय-सीमा के भीतर वैधानिक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

कृषक कल्याण वर्ष के लक्ष्यों पर विशेष फोकस

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि वर्तमान वर्ष को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। ऐसे में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा निर्धारित 12 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई) पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने किसानों की आय वृद्धि, कृषि आधुनिकीकरण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की बैठकों में कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों को प्राथमिकता से शामिल करने तथा फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए , जल गंगा संवर्धन, पीएम राहत और पर्यावरण संरक्षण की समीक्षा*

बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों को आवंटित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रगति की अद्यतन जानकारी तत्काल पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। पीएम राहत योजना के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों की पारदर्शी एवं संवेदनशील जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

पर्यावरण संरक्षण के संबंध में कलेक्टर श्री मिश्रा ने पौधारोपण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जिले में ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों का पूर्व निर्धारण करने तथा योजनाबद्ध तरीके से व्यापक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#भोपाल

61
1537 views

Comment