सास की इच्छा बनी बहू की तपस्या: सिर पर तसला रखकर 90 वर्षीय सास को करा रहीं ब्रज परिक्रमा
मथुरा (नौहझील):
कलयुग के इस दौर में जहां अक्सर रिश्तों में दूरियों की खबरें आती हैं, वहीं ब्रजभूमि से श्रद्धा, समर्पण और पारिवारिक प्रेम की एक ऐसी अद्भुत मिसाल सामने आई है जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। हरियाणा के हाताण गांव की रहने वाली प्रसिद्ध हरियाणवी सिंगर काजल चौधरी अपनी 90 वर्षीय बुजुर्ग सास चन्द्री देवी को एक तसले (लोहे के बड़े बर्तन) में बैठाकर, अपने सिर पर उठाए पैदल 'ब्रज चौरासी कोस' की परिक्रमा करा रही हैं।
काजल चौधरी की सास चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हैं, लेकिन उनके मन में बरसों से ब्रज परिक्रमा करने की तीव्र इच्छा थी। सास की इसी इच्छा को आदेश मानकर काजल ने इसे अपनी तपस्या बना लिया। रविवार को गांव बनचारी से शुरू हुई यह यात्रा सोमवार सुबह जैसे ही मानागढ़ी पहुंची, तो इस अनोखे दृश्य को देखने और बहू के इस जज्बे को सलाम करने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा।
काजल चौधरी का कहना है कि उनकी सास ने उन्हें जीवन में बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया है, जिसके बदौलत आज उनके पास सब कुछ है। ऐसे में अपनी बुजुर्ग सास की इच्छा पूरी करना उनका परम कर्तव्य है। इस समय ब्रजभूमि में सास-बहू के इस अद्भुत प्रेम और अनूठी सेवा की चर्चा हर जुबान पर है।