logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

साइकिल गणवेश एवं पाठ्य पुस्तक का स्कूल प्रारंभ होने के एक सप्ताह के भीतर हो शत-प्रतिशत वितरण - कलेक्टर

➡️ साइकिल, गणवेश एवं पाठ्य पुस्तक का स्कूल प्रारंभ होने के एक सप्ताह के भीतर हो शत-प्रतिशत वितरण : कलेक्टर डॉ. सोनवणे

➡️ ई-अटेंडेंस अनिवार्य, नहीं लगाने वाले शिक्षकों के वेतन आहरण पर रहेगी रोक

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित शिक्षा एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में 9वीं से 12वीं कक्षा तक नामांकन की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने भैंसदेही एवं चिचोली विकासखंड में विशेष ध्यान देकर नामांकन लक्ष्य पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी।

वर्ष 2026-27 के लिए अपार आईडी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी दर्ज विद्यार्थियों की आईडी जनरेट करने के निर्देश दिए तथा दो सप्ताह में लक्ष्य पूर्ण करने को कहा। समेकित छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा में कम प्रगति वाले विकासखंडों को भीमपुर ब्लॉक के अनुरूप प्रोफाइल अपडेट कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। चिचोली बीईओ को विशेष रूप से प्रगति लाने के सख्त निर्देश दिए गए।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने निशुल्क साइकिल, गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों के वितरण की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि स्कूल प्रारंभ होने के एक सप्ताह के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों को सामग्री का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। जिले में परीक्षा परिणाम सुधार के लिए गठित जिला स्तरीय समिति को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर सभी विकासखंडों में उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेषज्ञों के माध्यम से ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने तथा 11वीं कक्षा से ही विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनजातीय छात्रावासों में कोई भी सीट रिक्त न रहे। लंबित पेंशन एवं अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पेंशन प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी शिक्षकों की ऑनलाइन ई-अटेंडेंस अनिवार्य रूप से दर्ज कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों का वेतन आहरण रोका जाए। छात्रवृत्ति योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा जिला शिक्षा केंद्र अंतर्गत सभी बीआरसी को साइकिल, गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कक्षा 1 से 8 तक लक्ष्य अनुरूप नामांकन एवं चाइल्ड ट्रैकिंग सर्वे कराने, यूडाइज प्रमोशन एवं अपार आईडी रिपोर्ट 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। बालिका शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए भीमपुर एवं शाहपुर बीआरसी को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर शौचालयों को क्रियाशील एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई की समीक्षा करते हुए सार्थक एप पर नियमित अटेंडेंस सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही जिले में विंड मिल, डब्ल्यूसीएल एवं अन्य एजेंसियों के समन्वय से अप्रेन्टिसशिप ड्राइव आयोजित कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में युवा संगम कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री पुष्पराज खोट, जिला शिक्षा अधिकारी श्री भूपेंद्र वरकड़े सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं ब्लॉक स्त्रोत समन्वयक उपस्थित रहे।

CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul

54
1483 views

Comment