logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मुख्यमंत्री से मिले सांसद पाटील, बुरहानपुर के केला किसानों की पीड़ा रखी

मुख्यमंत्री से मिले सांसद पाटील, बुरहानपुर के केला किसानों की पीड़ा रखी

रिपोर्ट -
भगवानदास शाह
बुरहानपुर

आंधी-तूफान से हुए नुकसान का जल्द सर्वे कर मुआवजा वितरण की मांग, लंबित राहत राशि और मौसम आधारित फसल बीमा का मुद्दा भी उठाया



बुरहानपुर। खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर बुरहानपुर जिले में हाल ही में आए आंधी, तूफान और बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों को हुए व्यापक नुकसान की जानकारी दी। सांसद पाटील ने मुख्यमंत्री को जिले की वास्तविक स्थिति से अवगत कराते हुए प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के लिए जल्द से जल्द सर्वे कार्य पूर्ण कर मुआवजा राशि वितरित करने का आग्रह किया।सांसद ने मुख्यमंत्री को बताया कि विगत दिनों तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम से जिले के अनेक गांवों में फसलों को भारी क्षति पहुंची है। विशेष रूप से केला उत्पादक किसानों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। हजारों केले के पौधे खेतों में गिर गए हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। लगभग ढाई महीने पूर्व जिले के कुछ क्षेत्रों में आए आंधी-तूफान से प्रभावित किसानों को अभी तक मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे किसानों की लंबित राहत राशि का भी शीघ्र भुगतान कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।
*मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू हो*
सांसद पाटील ने बताया कि लगातार बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों को बार-बार नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में किसानों के हितों की रक्षा के लिए जिले में मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का अनुरोध किया।
*किसानों के साथ खड़ी है सरकार*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांसद पाटील की बातों को गंभीरता से सुनते हुए किसानों के हित में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है और सर्वे के बाद प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा राशि जारी की जाएगी।

20
4753 views

Comment