हरिहरगंज: मारपीट में घायल युवक की अस्पताल में मौत
हरिहरगंज, पलामू: हरिहरगंज थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी 18 वर्षीय रूपेश कुमार यादव उर्फ बिट्टू की मंगलवार सुबह वाराणसी के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 31 मई को वनस्पति पुल के समीप हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था।
मृतक के चाचा के बयान पर कटैया गांव निवासी केशलाल पटेल समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। जनप्रतिनिधियों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस ने कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।