logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मटकों का पानी, तांबे के लोटे, केले के पत्तों पर भोजन और प्लास्टिक मुक्त परिसर-भाजपा प्रशिक्षण वर्ग ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मटकों का पानी, तांबे के लोटे, केले के पत्तों पर भोजन और प्लास्टिक मुक्त परिसर-भाजपा प्रशिक्षण वर्ग ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


रिपोर्ट - भगवानदास शाह


बुरहानपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत संपन्न जिला प्रशिक्षण वर्ग केवल संगठनात्मक एवं वैचारिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी जीवनशैली का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के मार्गदर्शन तथा भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रकृति संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली और भारतीय संस्कारों को प्रत्येक व्यवस्था में साकार रूप दिया गया।
प्रशिक्षण वर्ग परिसर को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त रखा गया। सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से पूरी तरह परहेज करते हुए पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। पेयजल के लिए मिट्टी के मटकों का उपयोग किया गया तथा जल ग्रहण करने के लिए तांबे के लोटों की व्यवस्था की गई। इससे कार्यकर्ताओं को प्राकृतिक रूप से शीतल एवं स्वास्थ्यवर्धक जल उपलब्ध कराया गया और भारतीय परंपराओं के महत्व का संदेश भी दिया गया।
प्रशिक्षण वर्ग की सबसे विशेष व्यवस्थाओं में केले के पत्तों पर परोसा गया सामूहिक भोजन रहा। भारतीय संस्कृति में केले के पत्तों पर भोजन करने की परंपरा प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी मानी जाती है। भोजन व्यवस्था में केले के पत्तों का उपयोग कर प्लास्टिक और अन्य कृत्रिम सामग्री के उपयोग से बचाव किया गया। वहीं भोजन ग्रहण करने के लिए लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण की भावना और अधिक मजबूत हुई।
सामूहिक भोजन के दौरान सभी कार्यकर्ता एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण करते नजर आए। इससे संगठन में आत्मीयता, समानता और पारिवारिक वातावरण का भाव सुदृढ़ हुआ। वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकर्ताओं के बीच सहज संवाद तथा समरसता का वातावरण प्रशिक्षण वर्ग की विशेष पहचान बना।
*योजनाओं, संगठन की गौरवगाथा, पंच परिवर्तन एवं विकास योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र*
प्रशिक्षण वर्ग परिसर में लगाई गई विशेष प्रदर्शनी कार्यकर्ताओं और आगंतुकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रदर्शनी में भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक यात्रा, संगठन के विस्तार, सेवा कार्यों, राष्ट्र निर्माण में योगदान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। विभिन्न प्रदर्शों के माध्यम से संगठन की गौरवगाथा, अंत्योदय के सिद्धांत तथा विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित किया गया। प्रदर्शनी में भाजपा के पंच परिवर्तन अभियान को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया। सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली, नागरिक कर्तव्य बोध और परिवार प्रबोधन जैसे विषयों पर आधारित संदेशों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही प्रदर्शनी में जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली पर आधारित प्रेरक संदेश भी प्रदर्शित किए गए। वर्षा जल संचयन, भूजल संरक्षण, वृक्षारोपण, जैविक खेती और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों को प्रमुखता से स्थान दिया गया। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि जल और मिट्टी का संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि भविष्य की पीढि़यों की सुरक्षा का आधार है। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हितैषी कार्यक्रमों, अधोसंरचना विकास, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में हुए कार्यों की जानकारी भी आकर्षक ढंग से प्रस्तुत की गई। इससे कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वच्छता, जल संरक्षण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त भारत का अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर जिले में भी प्लास्टिक मुक्त समाज, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संवर्धन को लेकर लगातार अभियान संचालित किए जा रहे हैं। शाहपुर नगर परिषद को प्लास्टिक मुक्त नगर बनाने की दिशा में हुए प्रयास इसी संकल्प की सफलता के उदाहरण हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग में अपनाई गई व्यवस्थाएं केवल आयोजन का हिस्सा नहीं थीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का व्यवहारिक प्रशिक्षण थीं। संगठन का उद्देश्य ऐसे कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है जो समाज में स्वच्छता, जल संरक्षण, प्रकृति संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के संदेशवाहक बनें।
यह प्रशिक्षण वर्ग इस बात का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा कि जब संगठनात्मक प्रशिक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, पंच परिवर्तन और सामाजिक उत्तरदायित्व का समन्वय होता है, तब वह समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बन जाता है। मटकों का पानी, तांबे के लोटे, केले के पत्तों पर भोजन, लकड़ी के चम्मच और विकास योजनाओं एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रदर्शनी ने इस प्रशिक्षण वर्ग को एक विशिष्ट पहचान प्रदान की तथा प्रकृति संरक्षण और राष्ट्र निर्माण का सशक्त संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

46
3493 views

Comment