logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कालका: आईटीआई बिटना में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला पोर्टल शुरू

इंजीनियरिंग व गैर इंजीनियरिंग ट्रेड्स में दाखिले के लिए 15 जून तक करें आवेदन : श्री मनदीप बेनीवाल

पंचकूला/कालका, 2 जून : कालका आईटीआई बिटना स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला पोर्टल शुरू कर दिया गया है। इंजीनियरिंग व गैर इंजीनियरिंग ट्रेड्स में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रधानाचार्य श्री मनदीप बेनीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि दाखिले से संबंधित दिशा-निर्देश, संस्थानों की सूची तथा सीट मैट्रिक्स की पूरी जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिसके तहत अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी।

उन्होंने बताया कि दाखिले के लिए शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, ई-मेल आईडी तथा सक्रिय मोबाइल नंबर अनिवार्य होंगे। अन्य बोर्ड से आने वाले विद्यार्थियों को माइग्रेशन सर्टिफिकेट भी जमा करवाना होगा।

उन्होंने बताया कि दाखिले के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लिए जाएंगे। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 100 रुपये तथा आरक्षित वर्ग के लिए 50 रुपये निर्धारित किया गया है। महिला आवेदकों के लिए आवेदन पूरी तरह निशुल्क रहेगा।

प्रधानाचार्य ने बताया कि यदि किसी विद्यार्थी की पढ़ाई में गैप रहा है, तो उसे गैप ईयर का शपथ पत्र तथा बैंक पासबुक की कॉपी भी आवेदन के साथ प्रस्तुत करनी होगी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के निर्देशानुसार दो वर्षीय आईटीआई करने के बाद कक्षा 12वीं का हिंदी या अंग्रेजी विषय का पेपर देने पर छात्र बारहवीं की मार्कशीट भी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आईटीआई कालका, बिटना में हेल्पडेस्क बनाई गई है, जहां विद्यार्थी निशुल्क दाखिला फॉर्म भरवा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि आईटीआई कालका, बिटना में रोजगार एवं उद्योगों की मांग के अनुसार विभिन्न 17 व्यवसायों (ट्रेड्स) की 20 यूनिट्स में प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। सीटों का विस्तृत विवरण विभागीय वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है।

0
0 views

Comment