3 जून से पंजाब में हिमाचल वाहनों पर टैक्स वसूली की चर्चा, निहंग सिंहों के ऐलान से बढ़ी हलचल
हिमाचल एंट्री टैक्स विवाद ने पकड़ा तूल, 3 जून से पंजाब में निहंग सिंहों द्वारा हिमाचल वाहनों से टैक्स वसूली के ऐलान की चर्चा तेज
चंडीगढ़/पंजाब। हिमाचल प्रदेश में बाहरी वाहनों पर बढ़ाए गए एंट्री टैक्स को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पंजाब और हिमाचल के बीच नए तनाव का कारण बनता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो और पोस्टों में दावा किया जा रहा है कि 3 जून से पंजाब में निहंग सिंह हिमाचल नंबर की गाड़ियों से एंट्री टैक्स वसूलेंगे।
दरअसल, हिमाचल सरकार द्वारा एंट्री टैक्स में बढ़ोतरी किए जाने के बाद पंजाब में इसका विरोध शुरू हो गया था। इससे पहले पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी हिमाचल के वाहनों पर जवाबी (रिकिप्रोकल) टैक्स लगाने की बात कह चुके हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया था कि कानूनी पहलुओं का अध्ययन करने के बाद ही कोई अंतिम फैसला लिया जाएगा।
हिमाचल में एंट्री टैक्स बढ़ाने के फैसले को लेकर पहले भी पंजाब और हिमाचल के बीच विवाद सामने आ चुका है। पंजाब के कई संगठनों और ट्रांसपोर्टरों ने चेतावनी दी थी कि यदि हिमाचल में पंजाब के वाहनों से अतिरिक्त टैक्स वसूला गया तो पंजाब में भी जवाबी कार्रवाई की जा सकती है।
वहीं सोशल मीडिया पर निहंग सिंहों के कथित ऐलान को लेकर चर्चाएं तेज हैं, लेकिन फिलहाल पंजाब सरकार या प्रशासन की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है कि निहंग सिंह या कोई अन्य संगठन हिमाचल की गाड़ियों से एंट्री टैक्स वसूल सके।
मामले पर दोनों राज्यों के लोगों और परिवहन कारोबारियों की नजर बनी हुई है। यदि 3 जून को किसी प्रकार की कार्रवाई होती है तो इससे पंजाब-हिमाचल सीमा क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हो सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी भी आधिकारिक निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।