युवा कांग्रेस चुनाव और जल-जंगल-जमीन संरक्षण पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी बैठक सम्पन्न
युवा कांग्रेस चुनाव और जल-जंगल-जमीन संरक्षण पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक सम्पन्न
उदयपुर, सरगुजा। युवा कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने, आगामी युवा कांग्रेस चुनाव की तैयारियों तथा जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक उदयपुर में सम्पन्न हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत परम श्रद्धेय बड़े महाराजा साहब स्व. एम.एस. सिंह देव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं अगरबत्ती प्रज्वलित कर भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
बैठक को संबोधित करते हुए आदरणीय आदी बाबा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से युवाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाने और संगठन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने युवाओं से संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा को वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता बताते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरण अभियान चलाने पर जोर दिया।
बैठक में आगामी युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक युवाओं को सदस्य बनाकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया गया। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि सरगुजा और बस्तर क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों एवं खनिज संपदा से समृद्ध हैं, लेकिन अनियंत्रित खनन और पर्यावरणीय क्षति से जंगलों, प्राकृतिक संसाधनों तथा आदिवासी समुदायों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। रामगढ़ पर्वत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए इसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया गया।
बैठक में संगठन की मजबूती, जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए गांव-गांव और बूथ स्तर तक कांग्रेस को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उदयपुर जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह देव, शेखर सिंह देव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भोजवंती सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, प्रदेश सचिव किसान कांग्रेस सुमिरन सिंह, उदयपुर मंडल अध्यक्ष रोहित सिंह टेकाम, मंडल प्रभारी खम्हरिया जगदीश जायसवाल, रामबिलास अग्रवाल, गुरप्रीत सिद्धू, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विभा सिंह, शांति रजवाड़े, शीला रजवाड़े, माधुरी बड़ा, एनएसयूआई अध्यक्ष सूरज यादव, भोला सोनी, पूर्व यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शुभम पांडे, विकास श्रीवास्तव, करौंदी सरपंच रामप्रसाद, लालसाय, पूटा सरपंच नंदराम, सागर दास, देवराज दास, रूपसाय टेकाम, संतोष बंजारा, आशीष दास, नरेंद्र मिश्रा, अजितेश सोनी, जयप्रकाश सोनवानी, कौशल यादव, चैनपुर सरपंच राकेश सिंह, उपसरपंच संतोष सिंह, राहुल सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने जल, जंगल, जमीन की रक्षा, संगठन की मजबूती और जनता के हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।