देवरी जंगल में 10 वर्षीय अज्ञात बच्ची का शव मिलने से सनसनी, पहचान कराने में जुटी पुलिस
मड़िहान, मिर्जापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर स्थित देवरी कला गांव के सामने कुनबिया मोड़ के पास मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे एक 10 वर्षीय अज्ञात बच्ची का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव सड़क से लगभग 10 फीट दूर झाड़ियों के बीच पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर के साथ भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया। इसके बाद देवरी जंगल क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृत बच्ची की उम्र लगभग 10 वर्ष प्रतीत हो रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में बच्ची की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मड़िहान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना मड़िहान के मोबाइल नंबर 9454404014 पर संपर्क करें, जिससे बच्ची की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बच्ची की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।