जयपुर: 12 जून को एसएमएस स्टेडियम में किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम
जयपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा, राजस्थान ने 12 जून को सवाई मान सिंह (एसएमएस) स्टेडियम में एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाई गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक रासायनिक खेती छोड़कर पर्यावरण और स्वास्थ्य के अनुकूल प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
गुजरात के राज्यपाल श्री आचार्य देवव्रत और उनकी विशेषज्ञ टीम इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर प्राकृतिक खेती के गुर एवं वैज्ञानिक तरीके सिखाएगी। इसके अतिरिक्त भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चाहर, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री मदन राठौड़ भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। संगठन ने प्रत्येक मंडल से 5 किसानों का चयन कर हर जिले से 150 किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। श्री कैलाश चौधरी ने पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं और इस कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया।