देवप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी इनोवा कार
श्रीनगर-गढ़वाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक इनोवा वाहन के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस, राजस्व विभाग और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की श्रीनगर, ब्यासी और ढालवाला इकाइयों की रेस्क्यू टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल पर व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों और वाहन में सवार लोगों की संख्या की जांच की जा रही है। रेस्क्यू दल कठिन परिस्थितियों में राहत कार्य को अंजाम दे रहे हैं।
इस बीच टिहरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि दुर्घटना से संबंधित किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें ।