देवप्रयाग में चारधाम यात्रियों की कार खाई में गिरी, दो मृत
देवप्रयाग: मंगलवार सुबह बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगा होटल दर्शन के पास एक गंभीर सड़क हादसा हुआ जिसमें चारधाम यात्रा से लौट रहे राजस्थान के जैसलमेर निवासी श्रद्धालुओं से भरी कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई और अलकनंदा नदी में समा गई। वाहन संख्या UK 08 TA में चालक सहित आठ लोग सवार थे। घटना के बाद पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एसडीआरएफ की श्रीनगर, व्यासी और ढालवाला इकाइयों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। व्यासी की छह सदस्यीय टीम ने एक घायल बच्चे को खाई से निकालकर श्रीकोट बेस अस्पताल भेजा। दो पुरुष अचेत अवस्था में मृत पाए गए हैं, जबकि अन्य सवार अभी भी लापता हैं। तेज बहाव और गहरी खाई के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन ने सभी यात्रियों की तलाश युद्धस्तर पर जारी रखी है।