फिरोजपुर झिरका में सतगुरु कबीर साहेब का 628वां प्रकट दिवस समारोह
फिरोजपुर झिरका, नूंह : श्री सतगुरु कबीर मंदिर में 29 जून 2026 को 628वां प्रकट दिवस एवं मंदिर का 54वां वार्षिक समारोह बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर प्रबंधन समिति ने बताया कि 31 मई से धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ हो चुका है, जिसमें 14 जून को ज्येष्ठ अमावस्या एवं बरसाईद दिवस पर गुरु महिमा पाठ, निशान पूजा, सत्संग, भजन, आरती एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 15 जून से 28 जून तक प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्य समारोह 29 जून को गुरु महिमा पाठ, पूर्णिमा पाठ, बरसाईद पाठ, निशान पूजा, सत्संग-भजन, आनंदी चौकी आरती तथा विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगा।
मंदिर प्रबंधन ने सतगुरु कबीर साहेब के मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संदेश को उजागर करते हुए बताया कि ये आयोजन समाज में आध्यात्मिक जागरूकता और सद्भाव बढ़ाने में सहायक हैं। सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर सत्संग का लाभ उठाने की अपील की गई है।