सी.एम. साहब आते रहिए, हमारे इलाके का विकास अपने आप हो जाएगा: ग्रामीण
सी.एम. के दौरे को लेकर सड़कों को दुरुस्त करने का काम जारी
मोरनी, 1 जून (देव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 3 जून को प्रस्तावित मोरनी दौरे से पहले लोक निर्माण विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मोरनी-पंचकूला मार्ग पर गांव टिकरी के पास सड़क को चकाचक किया जा रहा है और जगह-जगह गड्ढों को भरने का काम तेजी से जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि “सी.एम. साहब मोरनी आते रहिए, हमारे इलाके का विकास अपने आप हो जाएगा।” ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से टूटी सड़कों और गिरी बचाव दीवारों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था, लेकिन मुख्यमंत्री के दौरे की सूचना मिलते ही विभाग हरकत में आ गया है।
बताया जा रहा है कि बरसात का एक साल बीत जाने के बावजूद लोक निर्माण विभाग द्वारा मोरनी खंड की दर्जनभर से अधिक सड़कों पर गिरी बचाव दीवारों को दोबारा बनाने की तैयारी तक शुरू नहीं की गई। अब जबकि बरसात का मौसम सिर पर है, लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
मोरनी-थापली मार्ग, मोरनी-रायपुररानी, मोरनी बड़याल नीमवाला, मोरनी समलौठा, मोरनी हराघाट, मोरनी बड़ीशेर, मोरनी धामण, थापली-धामण, मोरनी टिक्करताल तथा पंचकूला-मोरनी वाया नाड़ा साहिब मार्ग सहित कई सड़कों पर पहाड़ खिसकने से बचाव दीवारें गिरी पड़ी हैं। इससे वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री का दौरा न होता तो शायद विभाग अभी भी नींद में ही रहता। फिलहाल विभाग द्वारा पहाड़ों से गिरा मलबा हटाने और सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
वहीं कन्या देवी मंदिर से जल्लाह तक की सड़क अभी भी खस्ताहाल बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क की भी जल्द मरम्मत करवाई जाए ताकि बरसात के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।