पूर्व प्रधान प्रत्याशी के घर जीएसटी का छापा, आठ घंटे से अधिक समय से चल रही जांच
शाहजहांपुर। जलालाबाद थाना क्षेत्र के अतिबरा गांव में सोमवार सुबह जीए
पूर्व प्रधान प्रत्याशी के घर जीएसटी का छापा, आठ घंटे से अधिक समय से चल रही जांच
शाहजहांपुर। जलालाबाद थाना क्षेत्र के अतिबरा गांव में सोमवार सुबह जीएसटी विभाग की टीम ने एक पूर्व प्रधान प्रत्याशी के घर छापामार कार्रवाई की। सुबह करीब सात बजे लखनऊ नंबर की दो कारों से पहुंची टीम ने स्थानीय पुलिस को सूचना देने के बाद जांच शुरू की। खबर लिखे जाने तक टीम आठ घंटे से अधिक समय से मकान के भीतर दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच में जुटी थी। जानकारी के अनुसार, जीएसटी टीम ने मकान में प्रवेश करने के बाद मुख्य गेट अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद घर के भीतर पूछताछ और छानबीन का सिलसिला शुरू हो गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मकान के बाहर जलालाबाद थाने की पुलिस तैनात कर दी गई। छापामारी की कार्रवाई अतिबरा गांव निवासी कुलदीप उर्फ अभिषेक पाठक के घर पर की गई है। कुलदीप वर्ष 2015 में ग्राम प्रधान पद का चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। ग्रामीणों के मुताबिक कुलदीप खेतीबाड़ी से भी जुड़े रहे हैं, लेकिन उनका अधिकांश समय जिले से बाहर ही बीतता था। पिछले करीब एक वर्ष से वह गांव स्थित अपने आवास पर रह रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें कुलदीप के कारोबार के संबंध में अधिक जानकारी नहीं है। गांव में चर्चा है कि उनके नाम पर अन्य राज्यों में कई फर्म पंजीकृत हैं। वहीं पिछले एक-दो वर्षों से उनके पते पर कुछ नोटिस भी आते रहे थे, लेकिन वे किस मामले से संबंधित थे, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। जलालाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि जीएसटी विभाग की टीम द्वारा छापामार कार्रवाई की जा रही है। संबंधित व्यक्ति के कारोबार के बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। जीएसटी टीम की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
#पत्रकार आमिर महफूज खान
Aima media reporter