logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खाद्य सुरक्षा एवं मिलावट रोकथाम को लेकर व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक

गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय नगर मजिस्ट्रेट श्री सतीश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों एवं व्यापार मंडल के प्रमुख पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम, खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ने खाद्य सुरक्षा एवं मिलावट रोकथाम को लेकर अधिकारियों एवं व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने जनहित एवं व्यापारिक हितों के संतुलन पर जोर दिया।
नगर मजिस्ट्रेट श्री त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रीतम लाल ने व्यापारियों की ओर से अपने सुझाव रखते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक होनी चाहिए। उन्होंने अनुरोध किया कि छोटे एवं फुटकर दुकानदारों को अनावश्यक रूप से सैंपलिंग के नाम पर परेशान न किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी पैकबंद खाद्य उत्पाद में गुणवत्ता अथवा मानकों से संबंधित कोई कमी पाई जाती है, तो संबंधित निर्माता, ब्रांड स्वामी अथवा आपूर्ति श्रृंखला के जिम्मेदार पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सभी पक्षों ने खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ व्यापारिक हितों एवं जनहित के मध्य संतुलन बनाए रखते हुए कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में सहायक आयुक्त (खाद्य) श्री सुरेश कुमार मिश्र, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आशुतोष राय सहित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रीतम लाल, प्रदेश मंत्री सतीश अग्रवाल, जिला मंत्री अमित गोयल, संदीप बंसल, संजय बिंदल, गौरव गुप्ता, अजय शर्मा, पंकज गर्ग, मोहित गर्ग, प्रवीण मित्तल, सुशील अरोड़ा एवं अन्य व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0
0 views

Comment