ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था पर कलेक्टर सख्त, शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश...
रतलाम। जिले में ग्रीष्मकाल के दौरान नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना, परियोजना अधिकारी डूडा श्री अरुण पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने जिले की पेयजल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली पेयजल संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपदवार प्राप्त शिकायतों की स्थिति का अवलोकन किया तथा नगरीय निकायों के कंट्रोल रूम में दर्ज प्रकरणों के संबंध में संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) से फीडबैक प्राप्त किया।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही हो, वहां आवश्यकतानुसार टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिकायतों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग कर नागरिकों को राहत प्रदान करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी सतत निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायत या समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन द्वारा पेयजल व्यवस्था को लेकर की जा रही यह सतत समीक्षा जिले में जलापूर्ति प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।