साउथ सिटी में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई; सैनिटरी इंस्पेक्टर पर लापरवाही के आरोप
इनसेप्शन डेली न्यूज़/ID News
संदीप शास्त्री (ब्यूरो प्रमुख)
लखनऊ। साउथ सिटी एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। शारदा नगर 2बी एलपीएस साउथ सिटी के सेक्टर संयोजक एस. के. श्रीवास्तव ने जोन-8 में तैनात सैनिटरी इंस्पेक्टर मोहम्मद नईम पर सफाई व्यवस्था के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। राज दर्पण, साउथ सिटी के सामने स्थित पिपरौली साउथ सिटी के कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के प्रवेश द्वार पर लंबे समय से कूड़ा-कचरा और गंदगी फैली हुई है। यह स्थान क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां दैनिक आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी, चिकित्सा परामर्श तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए आम लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉम्प्लेक्स में बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और अन्य नागरिक प्रतिदिन आते हैं, लेकिन प्रवेश द्वार पर फैली गंदगी और कूड़े के ढेर के कारण उन्हें दुर्गंध और अस्वच्छ वातावरण का सामना करना पड़ता है। लोगों ने आशंका जताई है कि इस प्रकार की स्थिति से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है।
इसके अलावा क्षेत्र की कई नालियां भी चोक पड़ी हैं, जिससे गंदा पानी जमा हो रहा है और सफाई व्यवस्था की स्थिति और गंभीर हो गई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए सिविक सॉल्यूशन (लखनऊ वन) एप पर कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं। शिकायतों के निस्तारण का दायित्व सैनिटरी इंस्पेक्टर मोहम्मद नईम को सौंपे जाने की सूचना भी प्राप्त हुई, लेकिन मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि बिना कार्य कराए ही शिकायतों को निस्तारित दिखा दिया जाता है, जिससे नागरिकों में आक्रोश बढ़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगर निगम कर्मचारियों को बार-बार शिकायतों के माध्यम से अवगत कराने के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाने, चोक नालियों की सफाई कराने, शिकायतों के निस्तारण की जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।