logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

महराजगंज: प्रसव के बाद निजी अस्पताल में महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप


**संवाददाता: प्रदीप सिंह, महराजगंज**
**निचलौल (महराजगंज)।**
निचौल तहसील क्षेत्र के पैकौली कला गांव में उस समय शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई, जब 26 वर्षीय उजाला खातून (पत्नी अब्दुल करीम) की प्रसव के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने निजी अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
### **क्या है पूरा मामला?**
जानकारी के अनुसार, उजाला खातून को रविवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने निचलौल स्थित **बाला जी हॉस्पिटल** में भर्ती कराया था। अस्पताल के डॉक्टरों ने ऑपरेशन (सिजेरियन) के माध्यम से प्रसव कराया, जिसमें उजाला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। बताया जा रहा है कि मृतका की पहले से ही दो बेटियां थीं और यह उसकी तीसरी संतान थी।
### **परिजनों का गंभीर आरोप: 'मौत छिपाने के लिए किया रेफर'**
परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के कुछ ही घंटे बाद प्रसूता की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत अत्यंत गंभीर होने पर अस्पताल के चिकित्सकों ने आनन-फानन में उसे एक निजी एम्बुलेंस से गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
> **परिजनों का आरोप है कि:** "उजाला खातून की मौत निचलौल के अस्पताल में ही हो चुकी थी। अस्पताल प्रबंधन ने अपनी गर्दन बचाने और मामले को दबाने के लिए उसे मृत अवस्था में ही गोरखपुर रेफर करने का नाटक किया।"
>
### **मासूमों के सिर से उठा मां का साया**
मृतका के पति अब्दुल करीम घर से बाहर रहकर मजदूरी करते हैं और वहीं से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पति के घर पर न होने के कारण रविवार को आस-पास के ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने ही तत्परता दिखाते हुए उजाला को अस्पताल पहुंचाया था। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नवजात बच्ची समेत तीनों मासूम बेटियां अब हमेशा के लिए मां के साये से वंचित हो गई हैं।
### **अस्पताल संचालक ने साधी चुप्पी**
इस संवेदनशील घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर, घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए जब अस्पताल संचालक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। अस्पताल प्रशासन की इस चुप्पी के बाद परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया है, जिन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

7
58 views
1 shares

Comment