कछवां हत्या कांड का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
मिर्जापुर। कछवां थाना क्षेत्र के विदापुर गांव में पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और सात लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को विदापुर निवासी रमाशंकर पुत्र खरपत्तु ने थाना कछवां में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद के चलते कुछ लोगों ने उनके पिता और भाई प्रेमशंकर पर जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल प्रेमशंकर की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मामले में थाना कछवां पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।
सोमवार को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—संदीप कुमार, दिनेश कुमार, धीरज कुमार और अजय कुमार, निवासी विदापुर, थाना कछवां—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद के चलते अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर संदीप कुमार के घर के बाहर भूसे के बोरे के नीचे छिपाकर रखी गई हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी तथा सात लाठी-डंडे बरामद किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।