logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जिला अध्यक्ष अजय त्यागी को किया गया हाउस अरेस्ट, प्रशासन ने सभी मांगों पर मांगा 5 दिन का समय

मेरठ,भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) द्वारा मेरठ-लखनऊ एक्सप्रेसवे से प्रभावित किसानों, ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को लेकर प्रस्तावित महापंचायत से पूर्व जिला अध्यक्ष अजय त्यागी को प्रशासन द्वारा हाउस अरेस्ट कर लिया गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी जिला अध्यक्ष के आवास पर पहुंच गए।
मौके पर एसडीएम मेरठ सदर एवं सीओ किठौर पहुंचे और संगठन पदाधिकारियों के साथ वार्ता की। वार्ता के दौरान किसानों एवं क्षेत्रीय जनता की विभिन्न समस्याओं तथा संगठन द्वारा उठाई गई 20 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संगठन की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान हेतु 5 दिन का समय मांगा तथा आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी मांगों पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
जिला अध्यक्ष अजय त्यागी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) किसानों, ग्रामीणों एवं आम जनता के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। संगठन प्रशासन को 5 दिन का समय देता है, लेकिन यदि निर्धारित अवधि में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
संगठन ने स्पष्ट किया कि किसानों के भूमि भुगतान, रोजगार, टोल पास, सड़क मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई अपेक्षित है!

35
1489 views

Comment