जौनपुर: टीजीटी परीक्षा 3-4 जून को 20 केंद्रों पर आयोजित होगी
जौनपुर: जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में टीजीटी परीक्षा के समन्वय हेतु प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा कार्य में तैनात सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 और आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 3 एवं 4 जून 2026 को 20 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होने वाली टीजीटी परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। सभी मजिस्ट्रेट परीक्षा प्रारम्भ से एक घंटा पूर्व अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे तथा परीक्षा के दौरान सतत निगरानी रखेंगे। अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। किसी भी अनियमितता या नकल पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।