*माली समाज के सम्मान से अभिभूत हुए राजेश तंवर, समाज सेवा को बताया जीवन का उद्देश्य*
सोजत। स्थानीय माली समाज भवन, नयापुरा में आयोजित सम्मान समारोह में भाजपा ओबीसी प्रकोष्ठ के नव नियुक्त प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर का साफा पहनाकर एवं 21 किलो की माला से भव्य स्वागत किया गया। वहीं उनकी धर्मपत्नी एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष कीर्ति तंवर का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए राजेश तंवर ने कहा कि भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने माली समाज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उन्हें जो प्यार, सम्मान और सहयोग दिया है, उसी के बलबूते वे आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि समाज का यह ऋण वे जीवनभर नहीं चुका पाएंगे तथा उनके खून का एक-एक कतरा समाज की सेवा के लिए समर्पित रहेगा।
तंवर ने कहा कि समाज के प्रोत्साहन और आशीर्वाद से उन्हें तीन बार पार्षद बनने तथा उनकी धर्मपत्नी कीर्ति तंवर को भी एक बार पार्षद बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए माली समाज अध्यक्ष चंपालाल सांखला ने कहा कि समाज के लिए यह गौरव का विषय है कि समाज का एक युवा प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएगा और समाज का नाम रोशन करेगा।
इस अवसर पर पावटी बास चौधरी ताराचंद सैनी एवं भाजपा पदाधिकारी किशोर देवड़ा ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में गोरधनलाल गहलोत, देवीलाल सांखला, गणपत सिंह टांक, ओमप्रकाश चौहान, कानाराम सांखला, भैराराम, शंकरलाल परिहार, जोगेश जोशी, सुरेश अग्रवाल, नवनीत राय रूचिर, हीरालाल कांठेर, जितेंद्र व्यास, नरपत सिंह सोढ़ा, राजेंद्र शर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।