logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

*बहुमुखी प्रतिभा के धनी कैलाश गहलोत को मिली नई जिम्मेदारी, पत्रकारिता और समाजसेवा में बनाया विशिष्ट स्थान*

सोजत, 1 जून। पत्रकारिता, खेल एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार कैलाश गहलोत को इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन का सोजत उपखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन पर पत्रकारों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
सोजत में 1 मार्च 1959 को जन्मे कैलाश गहलोत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सोजत में ही प्राप्त की। छात्र जीवन से ही खेलों में विशेष रुचि रखने वाले गहलोत ने कबड्डी, खो-खो एवं फुटबॉल जैसे खेलों में राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। फुटबॉल में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिनिधित्व किया।
पत्रकारिता के क्षेत्र में गहलोत का लगभग 46 वर्षों का गौरवपूर्ण अनुभव रहा है। उन्होंने दैनिक नवज्योति में 15 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा वीर राजस्थान, राष्ट्रदूत, दलित पुकार सहित विभिन्न समाचार पत्रों से जुड़े रहे। वर्ष 1996 से वे राजस्थान पत्रिका से जुड़े हुए हैं और अपनी निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए व्यापक पहचान बना चुके हैं।
पत्रकार संगठन को मजबूत बनाने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने एक बार पाली जिला देहात पत्रकार अधिवेशन तथा तीन बार सोजत उपखंड पत्रकार अधिवेशन का सफल आयोजन करवाकर पत्रकार एकता को नई दिशा प्रदान की।
सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में भी कैलाश गहलोत की सक्रिय भूमिका रही है। राजस्थान पत्रिका के अमृतम् जलम्, हरियालो राजस्थान जैसे अभियानों के माध्यम से जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा दिया। इसके अतिरिक्त वृक्षारोपण, श्रमदान, परिंडा अभियान, साइबर क्राइम जागरूकता, बालिका सशक्तिकरण, सोजत महोत्सव, विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा कोविड-19 महामारी के दौरान जनसेवा कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया।
उत्कृष्ट रिपोर्टिंग एवं विज्ञापन प्रबंधन में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए उन्हें राजस्थान पत्रिका द्वारा अनेक पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं। वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें प्रतिष्ठित "राष्ट्र गौरव अवार्ड" से भी सम्मानित किया जा चुका है।
अभिनव कला मंच, वरिष्ठ नागरिक समिति, पेंशनर समाज, चारण-गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन, सोजत सेवा मंडल, भारत विकास परिषद, मानव सेवा समिति तथा समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
पत्रकारिता, खेल और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान को देखते हुए उनका व्यक्तित्व क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत माना जाता है। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन में सोजत उपखंड अध्यक्ष के रूप में उनका मनोनयन संगठन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।

31
1366 views

Comment