logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शिक्षा मंत्रालय से जुड़ी इमारत में लगी आग, CBSE वेबसाइट भी रही ठप; सोशल मीडिया पर उठे सवाल

नई दिल्ली | आनंद कुमार

देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से चल रही चर्चाओं और विवादों के बीच रविवार को राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक ओर जहां केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की वेबसाइट घंटों तक ठप रही, वहीं दूसरी ओर शिक्षा मंत्रालय से संबद्ध भवन में आग लगने की घटना ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के आईटीओ स्थित विकास मार्ग पर स्थित School of Planning and Architecture (SPA) कार्यालय की दूसरी और तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। भवन से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। अधिकारियों ने आग पर काबू पाने के बाद इसके कारणों की जांच शुरू कर दी है।

उधर, रविवार को ही CBSE कक्षा 12वीं के छात्रों को री-इवैल्यूएशन एवं वेरिफिकेशन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार था, लेकिन वेबसाइट पर मेंटेनेंस का संदेश दिखाई देता रहा। इससे हजारों छात्र और अभिभावक परेशान नजर आए। बोर्ड पहले ही आवेदन प्रक्रिया की तारीख आगे बढ़ा चुका था।

दोनों घटनाओं के एक ही दिन सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रबंधन और तकनीकी तैयारियों को लेकर सवाल उठाए, जबकि कुछ लोगों ने इसे लेकर व्यंग्यात्मक टिप्पणियां भी कीं।

फिलहाल, आग लगने की वास्तविक वजह और CBSE पोर्टल के तकनीकी बाधित होने के कारणों को लेकर संबंधित विभागों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

(रिपोर्ट: आनंद कुमार)

8
2582 views

Comment