logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अनियंत्रित ट्रक हाईवे का डिवाइडर तोड़कर सर्विस लेन पर खड़ी बाइकों से टकराया

संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के पूर्वी भक्सी तिराहा के पास सोमवार को सुबह करीब 10 बजे रोडवेज बस की टक्कर लगने से शाहजहांपुुर की ओर जा रहा बजरी से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन से होते हुए सर्विस लेन पर पहुंच गया और होटल के बाहर खड़ीं दो बाइकाें से टकरा गया। ट्रक चालक घायल हो गया और दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद करीब 15 मिनट तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी क्षेत्र के गांव बरैंचा निवासी कुलदीप बजरी से भरा ट्रक शाहजहांपुर लेकर जा रहे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि पूर्वी भक्सी तिराहा के पास अचानक एक रोडवेज बस उनके ट्रक से टकरा गई। टक्कर लगते ही ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन पर पहुंच गया और सर्विस रोड पर जाकर एक होटल के किनारे खड़ी दो बाइकों से टकराते हुए रुक गया।
इस दौरान बदायूं के बरखेड़ा क्षेत्र निवासी संजीव कुमार और एक दुकानदार की होटल के बाहर खड़ीं बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। संजीव उस वक्त पत्नी मुन्नी और पुत्रवधू रितु के साथ होटल पर चाय पी रहे थे।
हादसे में डिवाइडर के पत्थर मार्ग पर बिखर जाने से यातायात बाधित हो गया। चौहटिया पुलिस चौकी के प्रभारी देवेंद्र सिंह ने पुलिस बल की मदद से ट्रक को हाईवे के किनारे हटवाया और मार्ग पर बिखरे पत्थर हटाकर यातायात सुचारु कराया। करीब एक घंटे बाद एनएचएआई की टीम भी मौके पर पहुंची और हाइड्रो मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त हुए डिवाइडर के पत्थरों को व्यवस्थित कराया।
हादसे में घायल ट्रक चालक कुलदीप को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया है। हादसे के बाद रोडवेज बस लेकर उसका चालक वहां से भाग गया। प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है, अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।

0
0 views

Comment