बिहारीगढ़: सरकारी नाले पर रोक लगाने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
बिहारीगढ़, सहारनपुर। कस्बे के निकट स्थित सोढ़ीनगर बस्ती के ग्रामीणों ने एक व्यक्ति पर ग्राम समाज की सरकारी भूमि से गुजर रहे वर्षों पुराने नाले को जेसीबी मशीन लगाकर अवरुद्ध करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने बिहारीगढ़ थाना पुलिस, जिलाधिकारी सहारनपुर, एसडीएम बेहट तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत किए जाने के बावजूद पिछले लगभग 10 दिनों से मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे नाराज ग्रामीण सोमवार सुबह बिहारीगढ़ थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी नाले के बंद होने से आबादी, जंगल तथा खेतों का पानी निकासी नहीं हो पाएगी। आने वाले बरसात के मौसम में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है, जिससे लोगों के घरों में पानी घुसने और भारी नुकसान होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि थाना पुलिस समस्या का समाधान कराने के बजाय कथित आरोपी को संरक्षण दे रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर नाले को खुलवाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।