डिजिटल युग में कार्य दक्षता बढ़ाने पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का शुभारंभ
खानपुर कलां, 1 जून। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां के विश्वविद्यालय स्वावलंबन केंद्र द्वारा एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (ए आई यू ) एवं बीपीएसएमवी के अकादमिक एवं प्रशासनिक विकास केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम “ एन्हान्सिंग वर्क प्रोडक्टिविटी इन द डिजिटल एरा " का आज शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 5 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश ने किया। कुलपति प्रो. सुदेश ने कहा कि डिजिटल परिवर्तन के इस दौर में निरंतर सीखना और स्वयं को अपडेट रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रतिभागियों से कार्यक्रम के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभवों को अपने दैनिक कार्यों में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के क्षमता विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस प्रकार के कार्यक्रम संस्थान की कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपने कार्य की शुरुआत करें। अपने व्यवहार में हमेशा विनम्रता रखें। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. शिवालिक यादव ने मुख्य वक्तव्य देते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग बन चुकी है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों एवं शिक्षकों को नई तकनीकों के प्रभावी उपयोग के लिए सक्षम बनाते हैं, जिससे संस्थागत कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। कार्यक्रम संयोजक प्रो. संदीप दहिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। प्रो. संदीप दहिया ने पांच दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि इसमें डिजिटल उपकरणों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए आई ), ई-गवर्नेंस, समय प्रबंधन, कार्यालयी दक्षता तथा आधुनिक कार्य प्रणालियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी प्रो. अंशु भारद्वाज ने कार्यक्रम का परिचय देते हुए कहा कि डिजिटल युग में कार्यकुशलता बढ़ाने, तकनीकी दक्षता विकसित करने तथा प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।कार्यक्रम में मंच संचालन प्रो प्रियंका आनंद ने किया। फोटो कैप्शन :-02 प्रतिभागियों को सम्बोधित करते कुलपति प्रो सुदेश।