logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विवादित भूमि पर अंबेडकर बोर्ड लगाने से तनाव, ग्रामीणों ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

सिम्भावली। थाना क्षेत्र के ग्राम धनपुरा में विवादित कृषि भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर का बोर्ड लगाए जाने को लेकर गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले में भूमि स्वामियों ने कुछ लोगों पर माहौल खराब करने और चुनावी लाभ के लिए गांव में विवाद पैदा करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार ग्राम धनपुरा स्थित खसरा संख्या 107 व 108 की भूमि पिछले करीब पांच वर्षों से न्यायालय के स्थगन आदेश (स्टे) के अधीन है और वर्तमान में खाली पड़ी हुई है। आरोप है कि 29 मई की रात उक्त भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर का नया बोर्ड लगा दिया गया। अगले दिन सुबह जब भूमि स्वामी खेत पर पहुंचे तो वहां बोर्ड लगा मिला।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि गांव के लोगों से पूछताछ करने पर किसी ने बोर्ड लगाने की जानकारी नहीं दी। बाद में उन्हें संदेह हुआ कि कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश और राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से यह कार्य किया है, जिससे अनुसूचित जाति एवं अन्य वर्गों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सके।
मामले की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि थाना पुलिस ने भी स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई, लेकिन बोर्ड लगाने वाले व्यक्ति की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद थाना सिम्भावली पुलिस की मौजूदगी में अनुसूचित जाति समाज के लोगों ने स्वयं बोर्ड को हटाकर गांव में सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ लोग गांव का माहौल खराब कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

14
811 views

Comment