एम.आर.पी.डी राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ा में दाखिला सहायता हेतु हेल्प डेस्क की स्थापना
निःशुल्क इंटरनेट एवं शिक्षकों के सहयोग से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया बनी छात्र-हितैषी
तलवाड़ा-होशियारपुर, 01 जून ( अर्श ) : उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ, पारदर्शी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एम.आर.पी.डी राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ा ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विशेष दाखिला सहायता हेल्प डेस्क की स्थापना की है। यह हेल्प डेस्क विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी हर प्रकार की जानकारी, मार्गदर्शन तथा तकनीकी सहायता प्रदान कर रही है, जिससे ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सरल और सुविधाजनक बन गई है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव खोसला के कुशल नेतृत्व में कार्यरत प्रोफेसर स्टाफ विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति ( एन.ई.पी - 2020 ) के अंतर्गत उपलब्ध नवीन विषय संयोजनों, बहुविषयक शिक्षा प्रणाली, कौशल आधारित एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों तथा उच्च शिक्षा के नए अवसरों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दे रहा है। साथ ही विद्यार्थियों को पंजाब प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की संपूर्ण प्रक्रिया समझाकर उन्हें सही विषय चयन के लिए भी मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
हेल्प डेस्क पर तैनात प्राध्यापक विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन फार्म भरने, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने, विषय चयन करने तथा आवेदन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण करने में व्यक्तिगत सहायता उपलब्ध करवा रहे हैं। विशेष बात यह है कि महाविद्यालय द्वारा उपलब्ध करवाई गई निःशुल्क हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा के माध्यम से विद्यार्थियों के आवेदन बिना किसी अतिरिक्त खर्च के भरे जा रहे हैं, जिससे उन्हें साइबर कैफे या निजी सेवा केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजीव खोसला ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक या तकनीकी कठिनाइयाँ किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी सोच के तहत कॉलेज प्रशासन द्वारा निःशुल्क इंटरनेट सुविधा, विशेषज्ञ परामर्श और व्यक्तिगत मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है ताकि प्रत्येक विद्यार्थी बिना किसी परेशानी के प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर सके।
दाखिला हेल्प डेस्क का लाभ उठा रहे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने इस पहलकदमी की सराहना करते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन द्वारा प्रदान की जा रही निःशुल्क सुविधाओं व सहयोगात्मक वातावरण ने प्रवेश प्रक्रिया को अत्यंत सहज बना दिया है। उन्होंने बताया कि प्रोफेसर स्टॉफ की सक्रिय सहायता से उनकी सभी शंकाओं का समाधान तुरंत हो रहा है तथा सही पाठ्यक्रम चयन में भी उन्हें महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है ... अजय कुमार अर्श
( ऊपर ) महाविद्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क पर छात्र-छात्राओं को जानकारी देते हुए स्टॉफ सदस्य
( नीचे ) कंप्यूटर लैब में नि:शुल्क दाखिला फार्म भरते हुए छात्र-छात्राएं एवं उनकी सहायता कर रहे स्टॉफ सदस्य