देहरादून: लच्छीवाला टोल प्लाजा पर स्थानीय नाराजगी बढ़ी
देहरादून: देहरादून जिले में स्थित लच्छीवाला टोल प्लाजा को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सामाजिक संगठनों और क्षेत्रीय नागरिकों ने सरकार से मांग की है कि उत्तराखंड के निवासियों, विशेषकर दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को टोल शुल्क से राहत दी जाए या लच्छीवाला टोल पूरी तरह हटाया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि डोईवाला, हिमालयन अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में कार्य, शिक्षा तथा उपचार के लिए रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को मात्र 10 से 15 किलोमीटर की दूरी के लिए भी टोल देना पड़ता है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
सामाजिक संगठन देवभूमि युवा संगठन ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है और कहा है कि अपने राज्य के नागरिकों से छोटी दूरी पर टोल वसूली उचित नहीं है। संगठन ने सरकार से लच्छीवाला टोल प्लाजा की व्यवस्था की समीक्षा करने तथा स्थानीय निवासियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और मरीजों के हित में ठोस निर्णय लेने की मांग की है। क्षेत्रीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।